गाजियाबाद (शिखर समाचार)। राष्ट्रीय हरित अधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में परिवहन विभाग ने जनपद में आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान 10 वर्ष की आयु पूरी कर चुके डीजल वाहनों और 15 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पेट्रोल वाहनों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। एक दिन के अभियान में ऐसे 120 वाहनों को चिन्हित किया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अंकिता शुक्ला ने बताया कि आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों के अनधिकृत संचालन पर रोक लगाने के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है। साथ ही चिन्हित वाहनों को पंजीकृत वाहन कबाड़ केंद्र के माध्यम से कबाड़ कराए जाने की प्रक्रिया के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुराने वाहनों के संचालन से होने वाले वायु प्रदूषण को नियंत्रित करना और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
पुराने वाहनों के संचालन पर आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
उन्होंने वाहन स्वामियों से अपील की कि आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों का संचालन न करें और शासन तथा राष्ट्रीय हरित अधिकरण के निर्देशों के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे वाहनों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए बढ़ाई गई निगरानी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
परिवहन विभाग के अनुसार बढ़ते वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुराने और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के संचालन पर निगरानी बढ़ाई जा रही है। विभाग ने आमजन और वाहन स्वामियों से पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने तथा निर्धारित आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों का उपयोग बंद करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि निर्देशों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
