——–दो एकड़ में विकसित किया गया लॉन, सीसीटीवी से होगी गोवंश की निगरानी
जेवर (शिखर समाचार)। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बुधवार को फलैदा स्थित गौशाला के नवीनीकरण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने गौशाला परिसर में वृक्षारोपण किया। प्राधिकरण की ओर से गौशाला को हरित और बेहतर सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए विभिन्न कार्य कराए गए हैं।
गौशाला परिसर में करीब 5000 पौधे रोपित किए गए हैं और लगभग दो एकड़ क्षेत्र में लॉन विकसित किया गया है। यहां करीब 600 निराश्रित गोवंश के रहने की व्यवस्था की गई है। गोवंश की सुरक्षा और नियमित निगरानी के लिए गौशाला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इससे गोवंश की गतिविधियों और उनकी देखभाल पर लगातार नजर रखी जा सकेगी।
गोबर और गौमूत्र से तैयार होंगे उपयोगी उत्पाद
गौशाला में गोबर, खाद और गौमूत्र का उपयोग कर अगरबत्ती तथा धूपबत्ती बनाने के लिए उपकरण भी लगाए गए हैं। इस पहल से गौशाला से निकलने वाले जैविक पदार्थों का उपयोग उपयोगी उत्पाद तैयार करने में किया जा सकेगा। इससे स्वच्छता के साथ-साथ संसाधनों के बेहतर उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।
वर्षा जल संचयन के लिए तालाब का निर्माण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
परिसर में जल संरक्षण को ध्यान में रखते हुए गौशाला के बीच में तालाब का निर्माण कराया गया है। इसका उद्देश्य वर्षा जल का संचयन करना है। पौधरोपण, हरित क्षेत्र और जल संरक्षण की व्यवस्थाओं से गौशाला परिसर को पर्यावरण के अनुकूल विकसित करने का प्रयास किया गया है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने अधिकारियों से नवीनीकरण कार्यों की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी मनीष मीणा, राजेश कुमार, शैलेन्द्र कुमार भाटिया, विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह, विशेष कार्याधिकारी महराम सिंह, परियोजना महाप्रबंधक राजेन्द्र भाटी, उद्यान उप निदेशक आनन्द मोहन सिंह सहित प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामवासी मौजूद रहे।
