मेरठ (शिखर समाचार)। पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने बुधवार को मेरठ स्थित परिक्षेत्र कार्यालय में चारों जनपदों के पुलिस प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा और आगामी त्योहारों को लेकर कानून व्यवस्था संबंधी बैठक की। बैठक में मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वीडियो माध्यम से जुड़े। इस दौरान अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, जनसुनवाई, साइबर अपराध, महिला एवं बाल अपराध तथा विभिन्न अभियानों की प्रगति की समीक्षा की गई।
आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस को विशेष सतर्कता के निर्देश
आगामी गणेश चतुर्थी, नवरात्र, रामनवमी, दशहरा, दीपावली, छठ पूजा और कार्तिक पूर्णिमा मेले को देखते हुए अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। सभी क्षेत्राधिकारियों को त्योहार रजिस्टर का अवलोकन करने और किसी भी नई परंपरा को शुरू नहीं होने देने के लिए कहा गया। गणेश प्रतिमा स्थापना वाले स्थानों की सूची तैयार करने, आयोजकों से संवाद कर वहां सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा पूर्व विवादों वाले स्थानों को चिह्नित कर असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान अच्छी विवेचना निस्तारण के लिए क्षेत्राधिकारी नगर बागपत की प्रशंसा की गई, जबकि खराब विवेचना निस्तारण पर क्षेत्राधिकारी शिकारपुर, बुलंदशहर और क्षेत्र में अधिक वारदात होने पर क्षेत्राधिकारी सदर देहात, मेरठ से स्पष्टीकरण तलब किया गया। अधिकारियों को हत्या, लूट और डकैती के लंबित मामलों में गिरफ्तारी तेज करने तथा वांछित अपराधियों पर इनाम घोषित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
साइबर, महिला अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
डीआईजी ने सभी क्षेत्राधिकारियों को नियमित जनसुनवाई कर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साइबर अपराध की साप्ताहिक समीक्षा, महिला और बाल अपराधों में त्वरित कार्रवाई, गैंगस्टर एवं निरोधात्मक कार्रवाई बढ़ाने, अवैध शराब, खनन, पशु तस्करी, जुआ और सट्टे पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश भी दिए। सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं की निगरानी और तत्काल खंडन के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
श्रावण मास की कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न कराने और अपने-अपने जनपदों में बेहतर कार्य करने वाले जनपद प्रभारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
