अंकित बालियान हत्याकांड में दो शूटर मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Writing Two Shooters Killed in Encounter in Ankit Baliyan Murder Case, Two Police Personnel Injured IMAGE CREDIT TO पुलिस

——-गोगी गिरोह से जुड़े पहलुओं समेत हत्या की साजिश की जांच तेज, हथियार और बाइक बरामद

शामली (शिखर समाचार)। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित रूप से वारदात में शामिल दो शूटरों को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार मृत आरोपियों की पहचान मोहित पुत्र स्व. महेश निवासी बड़वास खुर्द, सोनीपत और सुमित पुत्र धर्मपाल निवासी कंड़ौली, सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक 26 अगस्त को शामली कोतवाली क्षेत्र के नाला पटरी स्थित जिम के बाहर बनती खेड़ा निवासी हरियाणवी गायक अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने कई टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।

मुठभेड़ में दो कथित शूटर ढेर, दो पुलिसकर्मी भी घायल

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

पुलिस के अनुसार मानव सूचना तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सीसीटीवी फुटेज, संदिग्धों की गतिविधियों, आवागमन, ठहरने के स्थान, भुगतान तथा आपसी संपर्कों की जांच की गई। जांच के दौरान मोहित और सुमित की पहचान कथित शूटरों के रूप में हुई। 31 अगस्त को चेकिंग के दौरान संदिग्धों की मौजूदगी की सूचना पर पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें संयुक्त चिकित्सालय शामली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में स्वाट टीम के मुख्य आरक्षी हरविंदर और मुख्य आरक्षी प्रदीप भी घायल हुए हैं।

WhatsApp Image 2026 08 31 at 20.54.21

हथियार और अन्य सामान बरामद, साजिशकर्ताओं की तलाश जारी

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

पुलिस ने मौके से दो पिस्तौल, कारतूस, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नकद बरामद करने का दावा किया है। पुलिस अब हत्याकांड में शामिल अन्य शूटरों, साजिशकर्ताओं और मददगारों की तलाश में दबिश दे रही है। जांच में गोगी गिरोह से जुड़े पहलुओं तथा अंकित बालियान द्वारा पूर्व में गाए गए एक गीत को लेकर कथित धमकी की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने कहा कि प्रदेश की सीमा से बाहर, जेलों अथवा विदेश से साजिश रचने वाले अपराधियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment