जेवर (शिखर समाचार)। यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार रात जेवर इंटरचेंज के पास तेज रफ्तार ट्राला अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए नोएडा की लेन में पहुंच गया और सामने से आ रही कार समेत तीन वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार उच्च न्यायालय के अधिवक्ता समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने ट्राला चालक को गिरफ्तार कर वाहन कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय चालक नशे में था।
डिवाइडर तोड़कर नोएडा की लेन में पहुंचा ट्राला, कार के उड़े परखचे
दिल्ली के विजय पार्क, नजफगढ़ निवासी रितेश पाण्डेय (52) उच्च न्यायालय में अधिवक्ता थे और मूल रूप से महाराजगंज के रहने वाले थे। रविवार रात वह अपने पुत्र अभिसार (25), महाराजगंज निवासी विकास गुप्ता (40) और कार चालक विजय के साथ बलेनो कार से महाराजगंज से दिल्ली लौट रहे थे। रात करीब 10:30 बजे जेवर इंटरचेंज के पास आगरा की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्राला अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए नोएडा की लेन में पहुंच गया। ट्राले ने कार को जोरदार टक्कर मारकर कुछ दूरी तक घसीट दिया। इसके बाद वह नोएडा की ओर जा रही बाइक और छोटे हाथी से भी टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखचे उड़ गए।
हादसे में अधिवक्ता समेत चार की मौत, ट्राला चालक गिरफ्तार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
सूचना पर पुलिस और एक्सप्रेसवे सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे तथा घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने रितेश पाण्डेय, अभिसार, विकास गुप्ता और चालक विजय को मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार आगरा निवासी सुमित और सचिन तथा छोटे हाथी के चालक का उपचार जारी है। पुलिस ने ट्राला चालक दिनेश निवासी मथुरा को गिरफ्तार कर लिया। मृतकों के परिजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
