खतौली/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। मोहल्ला नई आबादी निवासी सरदार आलम हत्याकांड का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए करीब 40 घंटे में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। मामले में शामिल तीन अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहल्ला काजियान निवासी सलीम और शाहजेब उर्फ जादू के रूप में हुई है।
40 घंटे में हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार 26 अगस्त की शाम सरदार आलम मोहल्ला नई आबादी में डॉ. सोनू की दुकान के पास मरणासन्न हालत में पड़ा मिला था। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक दिनेशचंद्र बघेल ने घटना की जानकारी ली। अस्पताल में चिकित्सकों ने सरदार आलम को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतक के पिता जलीम की तहरीर पर सरताज उर्फ कल्लू और उसके बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की गईं।
गाली-गलौज और हाथापाई के विवाद में रची हत्या की साजिश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सलीम ने बताया कि सरदार आलम ने 26 अगस्त को उसके पिता सरताज उर्फ कल्लू के साथ गाली-गलौज, हाथापाई और अभद्रता की थी। इसी का बदला लेने के लिए उसने पिता सरताज उर्फ कल्लू, भाई शाहजेब उर्फ जादू, शादाब और संदीप जाट के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने सरदार आलम को सोनू की दुकान के पास घेरकर मारपीट की और सलीम ने चाकू से कई वार किए।
क्षेत्राधिकारी रुपाली रॉय ने बताया कि जांच के दौरान पांच आरोपियों के नाम सामने आए हैं। दो को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेशचंद्र बघेल, वरिष्ठ उप निरीक्षक राजकुमार बालियान, उप निरीक्षक संजय तोमर समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।
