नई दिल्ली (शिखर समाचार)। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने रोशनआरा क्लब में 750 आजीवन सदस्यता सीटों के लिए योजना शुरू करने की घोषणा की है। उपराज्यपाल दिल्ली तरनजीत सिंह संधू के निर्देशानुसार शुरू की जा रही इस योजना के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 28 अगस्त 2026 से शुरू होगा। इच्छुक आवेदक 27 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। योजना में गैर-सरकारी श्रेणी के लिए 400 तथा सरकारी और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के लिए 350 सदस्यता सीटें निर्धारित की गई हैं।
सदस्यता शुल्क और आवेदन की समयसीमा
गैर-सरकारी श्रेणी में आजीवन सदस्यता शुल्क 12.50 लाख रुपये और सरकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम श्रेणी में चार लाख रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त लागू वस्तु एवं सेवा कर का भुगतान करना होगा। सदस्यता मिलने पर लोगों को क्लब की विभिन्न खेल, व्यायाम, मनोरंजन, विश्राम और सामाजिक सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
रोशनआरा क्लब में मिलेंगी ये खेल सुविधाएं
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
रोशनआरा क्लब में क्रिकेट की मुख्य एवं अभ्यास पिच, टेनिस, स्क्वैश, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, पिकलबॉल, तैराकी तालाब, बच्चों के लिए अलग तालाब, बहुउद्देश्यीय व्यायामशाला, फिटनेस केंद्र और योग कक्षाओं जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। चयनित खेलों में योग्य प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण की सुविधा भी दी जाती है।
क्लब भवन में विश्राम कक्ष, भोजनालय, जलपान गृह, भोजन क्षेत्र, बैंक्वेट सुविधा, बच्चों का क्षेत्र, बिलियर्ड्स और ताश कक्ष जैसी सामाजिक एवं मनोरंजन सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इनका उपयोग निर्धारित शुल्क और नियमों के अनुसार किया जा सकेगा। करीब 22 एकड़ में फैला रोशनआरा क्लब दिल्ली की खेल विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसका संबंध भारतीय क्रिकेट के शुरुआती इतिहास से रहा है और इसे भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड की जन्मभूमि के रूप में भी जाना जाता है। डीडीए ने 29 सितंबर 2023 को क्लब का विधिवत अधिग्रहण किया था। सदस्यता योजना के माध्यम से लोगों को इस ऐतिहासिक खेल परिसर से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
