मेरठ (शिखर समाचार)। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान शिवभक्तों की सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को मेरठ परिक्षेत्र कार्यालय में पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने की। इसमें राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना प्रमुख अनिल कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, आपातकालीन राहत व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर चौबीसों घंटे संचालित नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो पुलिस, प्रशासन और अन्य एजेंसियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखेगा।
आपातकालीन सेवाओं के लिए तैनात किए गए संसाधन
आपात स्थिति से निपटने के लिए तीन एंबुलेंस, तीन मार्ग गश्ती वाहन, तीन हाइड्रा, एक रिकवरी वाहन, एक यातायात प्रबंधन वाहन, सड़क सफाई मशीन तथा दो पानी के टैंकर तैनात किए गए हैं। काशी टोल प्लाजा पर श्रद्धालुओं के लिए विश्राम स्थल, शुद्ध पेयजल, जलपान, मोबाइल चार्जिंग, बैठने की व्यवस्था और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
सभी टोल प्लाजा पर सुविधाएं और निगरानी के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस उपमहानिरीक्षक ने मेरठ परिक्षेत्र के अन्य दस टोल प्लाजा पर भी इसी प्रकार की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभाग पूर्ण समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे तथा पूरे मार्ग पर सीसीटीवी निगरानी और निरंतर गश्त जारी रहेगी।
