जेवर (शिखर समाचार)। क्षेत्रीय किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन यूनिक के बैनर तले मंगलवार को यमुना विकास प्राधिकरण कार्यालय पर विशाल किसान पंचायत आयोजित की गई। पंचायत में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर अपनी लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इसके बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने यमुना विकास प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी को 12 सूत्रीय मांगपत्र सौंपते हुए किसानों से जुड़े मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग की। पंचायत के दौरान संगठन के पदाधिकारियों और प्राधिकरण के अधिकारियों के बीच विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा भी हुई।
भारतीय किसान यूनियन यूनिक के राष्ट्रीय महासचिव संजीव शर्मा ने बताया कि किसानों की भूमि, मुआवजा, विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर 12 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि विशेष कार्याधिकारी के साथ लंबी वार्ता एवं गंभीर विचार-विमर्श हुआ, जिसमें किसानों की समस्याओं पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए अगले दो माह के भीतर प्रमुख समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया है।
12 सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर समाधान की मांग
उन्होंने कहा कि संगठन किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा और यदि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आगे की रणनीति बनाकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। पंचायत को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर महेश सिंह ने कहा कि किसान लंबे समय से अपनी जायज मांगों के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
किसानों के हितों को प्राथमिकता देने की मांग
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि किसानों के हितों से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि संगठन शांतिपूर्ण तरीके से किसानों की आवाज उठाता रहेगा और प्रशासन से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा रखता है। पंचायत में मास्टर धर्म सिंह, अनिल शर्मा, अनिल तलान, हरिओम सिंह, अमन सिंह, भीम सिंह, बॉबी चौधरी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
