गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
थाना इंदिरापुरम पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए इंदिरापुरम के न्यायखंड-3 स्थित एक फ्लैट पर छापेमारी कर देह व्यापार के रैकेट का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान तीन पुरुष आरोपियों और एक महिला को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन और 8,800 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम एवं थाना इंदिरापुरम पुलिस टीम को सूचना मिली कि न्यायखंड-3 स्थित फ्लैट संख्या 648-ए में भोली-भाली और आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को बहला-फुसलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल फ्लैट पर छापा मारा, जहां अनैतिक गतिविधियां संचालित होती मिलीं। मौके से आरिफ, सगुन गुप्ता उर्फ राज, अजय गुप्ता तथा एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
मोबाइल और व्हाट्सएप से करते थे ग्राहकों से संपर्क
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे मोबाइल फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करते थे। महिलाओं की तस्वीरें भेजकर सौदा तय किया जाता था और ग्राहकों से मोटी रकम वसूली जाती थी। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वह महिलाओं को रोजगार और अधिक पैसे का लालच देकर इस धंधे में धकेलते थे। ग्राहकों से मिलने वाली रकम का कुछ हिस्सा महिलाओं को दिया जाता था, जबकि अधिकांश धनराशि आरोपी अपने पास रखते थे।
पुलिस ने शुरू की गिरोह के अन्य सदस्यों की जांच
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और 8,800 रुपये नकद बरामद किए। बरामद मोबाइल फोन के आधार पर पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और संभावित ग्राहकों की भी जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका संबंध किसी बड़े नेटवर्क से तो नहीं है।
सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्य बली मौर्य ने बताया कि महिलाओं के शोषण और मानव तस्करी जैसी गतिविधियों को रोकने के लिए क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि उनके आसपास इस प्रकार की कोई संदिग्ध गतिविधि संचालित होती दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर अपराध पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में किसी भी तरह की अनैतिक गतिविधि का संचालन नहीं होने दिया जाएगा।
