बुढ़ाना (शिखर समाचार)।
कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और निर्बाध रूप से संपन्न कराने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष मोनू ठाकुर ने उपजिलाधिकारी सतेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर जनपद में संचालित सभी पशु पैठ को यात्रा अवधि तक बंद कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्त जनपद से होकर गुजरते हैं। ऐसे में यातायात व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखना प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। यदि पशु पैठ का संचालन जारी रहता है तो पशुओं से भरे वाहनों की आवाजाही और बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ के कारण कांवड़ मार्ग पर जाम लगने की आशंका बनी रहेगी, जिससे श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
पशु वाहनों की आवाजाही से बढ़ सकता है यातायात दबाव
मोनू ठाकुर ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि मुजफ्फरनगर से जुड़े अन्य जनपदों में कांवड़ यात्रा को देखते हुए पशु पैठ का संचालन पहले ही अस्थायी रूप से बंद कराया जा चुका है, जबकि मुजफ्फरनगर में अभी भी कई स्थानों पर पशु खरीद-फरोख्त का कार्य जारी है।
उन्होंने कहा कि दूसरे जिलों से बड़ी संख्या में पशुओं को लाने और ले जाने वाले वाहनों की आवाजाही से यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ता है। ऐसे में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए समय रहते आवश्यक कदम उठाना जरूरी है।
यात्रा समाप्ति तक संचालन स्थगित करने की मांग
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने प्रशासन से मांग की कि जनहित और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए कांवड़ यात्रा की समाप्ति तक जनपद की सभी पशु पैठ का संचालन स्थगित किया जाए।
उन्होंने कहा कि इससे यात्रा मार्ग पर यातायात सुचारु रहेगा और शिवभक्त बिना किसी बाधा के अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे। उपजिलाधिकारी सतेंद्र सिंह ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले पर नियमानुसार विचार कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
