हापुड़ (शिखर समाचार)। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी कविता मीना और मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा की अध्यक्षता में जुलाई 2026 का किसान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों और किसान प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। कार्यक्रम की शुरुआत उप कृषि निदेशक योगेंद्र कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों और किसानों का स्वागत करते हुए की।
प्रगतिशील किसान की आधुनिक खेती को बताया सफल उदाहरण
इस दौरान उद्यान विभाग ने ग्राम जरौठी के प्रगतिशील किसान ज्ञानेन्द्र सिंह द्वारा ड्रिप सिंचाई प्रणाली से की गई बुवाई की जानकारी देते हुए इसे आधुनिक खेती का सफल उदाहरण बताया। वहीं, जिला कृषि अधिकारी ने किसानों को जिले में उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जानकारी दी।
बैठक में पिछले माह के किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की रिपोर्ट भी किसानों के समक्ष प्रस्तुत की गई तथा संबंधित अधिकारियों ने समाधान की स्थिति से अवगत कराया।
किसानों ने उठाईं गन्ना भुगतान और बिजली से जुड़ी समस्याएं
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इस बार किसान दिवस में किसानों ने गन्ना भुगतान, विद्युत आपूर्ति, वन विभाग और सिंचाई विभाग से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। किसानों ने प्रशासन से समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
डीएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निस्तारण की रिपोर्ट किसान दिवस के नोडल अधिकारी उप कृषि निदेशक कार्यालय में उपलब्ध कराने तथा उसकी एक प्रति संबंधित शिकायतकर्ता को भी अनिवार्य रूप से देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
