ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी मेघा रूपम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधकों एवं जिला समन्वयकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लंबित ऋण आवेदनों की प्रगति की समीक्षा करते हुए समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।
ऋण आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी मेघा रूपम ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के अंतर्गत पात्र युवाओं के ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण और स्वीकृति सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन बैंक शाखाओं ने 15 से कम ऋण आवेदन स्वीकृत किए हैं, उनकी सूचना शासन को उपलब्ध कराई जाए।
सीडी रेशियो की समीक्षा के दौरान उन्होंने भारतीय रिजर्व बैंक के मानकों के अनुरूप जनपद का सीडी रेशियो बढ़ाने के लिए ऋण वितरण में तेजी लाने तथा प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रदर्शन नहीं करने वाले बैंकों की अलग से समीक्षा की जाएगी।
सूर्य घर योजना और आजीविका मिशन पर विशेष जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी पात्र आवेदनों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने तथा बैंक और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों के खाते प्राथमिकता के आधार पर खोलने और उन्हें आवश्यकतानुसार ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी मदन मोहन मणि त्रिपाठी, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और जिला समन्वयक उपस्थित रहे।
