गाजियाबाद (शिखर समाचार)
आरव शर्मा
राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर (आरडीसी) क्षेत्र में सार्वजनिक सुविधाओं के नाम पर हो रही अवैध वसूली पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को जीडीए की टीम ने आरडीसी स्थित प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग की जगह पर अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूलते हुए एक व्यक्ति को रंगेहाथ पकड़ लिया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया है।
आरडीसी में अवैध पार्किंग वसूली पर जीडीए की कार्रवाई
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, आरडीसी में जीडीए की मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना के प्लॉट पर सार्वजनिक पार्किंग के लिए जगह आरक्षित की गई है। पिछले कुछ समय से शिकायतें मिल रही थीं कि इस आरक्षित स्थान पर कुछ लोगों द्वारा वाहन चालकों से गाड़ियां पार्क कराने के एवज में अवैध रूप से पैसे वसूले जा रहे हैं। इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जीडीए की टीम ने मौके पर औचक निरीक्षण किया, जहां एक व्यक्ति को अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूलते हुए पकड़ा गया। प्राधिकरण की टीम ने उसे मौके पर ही दबोचकर पुलिस को सौंप दिया।
इस घटना के बाद जीडीए ने स्पष्ट किया है कि आरडीसी के इस सार्वजनिक स्थल पर किसी भी व्यक्ति या संस्था को पार्किंग के नाम पर शुल्क वसूलने का कोई अधिकार या अनुमति नहीं दी गई है। यहां की जा रही किसी भी प्रकार की वसूली पूरी तरह से अवैध है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे तत्वों से सावधान रहें और किसी भी अवैध वसूली की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
