हापुड़ (शिखर समाचार)
जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जिलाधिकारी कविता मीना ने अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम ने ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर 15 दिन के भीतर सुधारात्मक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
सड़क हादसों की समीक्षा, विशेष अभियान चलाने के निर्देश
बैठक में गत माह हुई सड़क दुर्घटनाओं, मृतकों और घायलों के आंकड़ों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पुलिस एवं परिवहन विभाग को ओवर स्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन संचालन, गलत दिशा में ड्राइविंग तथा ओवरलोडिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच तथा चालकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए। लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई और नगर निकायों को सड़क संकेतक, रंबल स्ट्रिप, कैट आई, क्रैश बैरियर और सोलर ब्लिंकर लगाने के निर्देश दिए गए।
गड्ढामुक्त सड़कें और अतिक्रमण हटाने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
डीएम ने स्पष्ट किया कि जनपद की सभी सड़कों के गड्ढे सात दिन के भीतर भरे जाएं और अतिक्रमण हटाकर फुटपाथ खाली कराए जाएं। साथ ही गोल्डन आवर में घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने तथा सभी एंबुलेंस, ट्रॉमा सेंटर, सीएचसी और पीएचसी पर जीवनरक्षक दवाएं 24 घंटे उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को शहर में ऑटो और ई-रिक्शा के रूट निर्धारित करने, बिना परमिट एवं बिना लाइसेंस चल रहे वाहनों पर कार्रवाई करने तथा व्यावसायिक वाहनों में स्पीड गवर्नर और जीपीएस सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
