गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना लिंक रोड पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान 2 वाहन चोर कमरयाब और सहदेव को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई 2 चार पहिया गाड़ियां बरामद की। गिरोह का एक सदस्य मौके से फरार हो गया, जबकि दो अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने दबोचे दो वाहन चोर
संवाददाता सम्मेलन में एसीपी अमित सक्सेना ने बताया कि सूर्यनगर निवासी श्यामबीर ने थाना लिंक रोड में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी ग्रे रंग की मारुति स्विफ्ट कार उनके घर ए-39 रामपुरी के बाहर खड़ी थी, जिसे अज्ञात चोर 4 और 5 जून की रात को चोरी कर ले गए थे। शिकायत के आधार पर थाना लिंक रोड में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया हुआ था और इसी दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमरयाब पुत्र सत्तार और सहदेव पुत्र सुदेव के रूप में हुई है। वहीं कासिम नामक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया है।
चोरी की दो कारें बरामद, दूसरे राज्यों में बेचते थे वाहन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो कारें बरामद की हैं। इनमें एक मारुति स्विफ्ट कार गाजियाबाद से चोरी की गई थी, जबकि दूसरी मारुति अर्टिगा दिल्ली के यमुना विहार क्षेत्र से चोरी की गई थी।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव के कारण उन्होंने वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू किया था। वह चोरी की गाड़ियों की नंबर प्लेट हटाकर पहचान छिपाने का प्रयास करते थे। इसके बाद इन वाहनों को दूसरे राज्यों में कम कीमत पर बेच दिया जाता था। पुलिस के अनुसार चोरी की गाड़ियों को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी पहले से तय खरीदारों के संपर्क में रहते थे। गिरोह के अन्य सदस्य नरेश उर्फ गंगड़ और हसीन चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त में शामिल थे। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
