गाजियाबाद (शिखर समाचार)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा आमजन की सुविधा और लंबित मामलों के समयबद्ध समाधान के लिए आयोजित विशेष शिविर के दूसरे दिन भी लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया देखने को मिली। 16 जून से 18 जून 2026 तक चलने वाले इस तीन-दिवसीय शिविर में बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में ‘एक मुश्त समाधान’ (ओटीएस) योजना और मधुबन बापूधाम स्थित ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ के आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका निस्तारण किया गया।
ओटीएस योजना के तहत आवेदनों का निस्तारण
विभागीय समीक्षा के अनुसार, शिविर के दूसरे दिन ओटीएस योजना के तहत ऑनलाइन माध्यम से कुल 24 नए आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके साथ ही पूर्व से लंबित 14 पुराने मामलों को स्वीकृत करते हुए आवेदकों को मांगपत्र सौंपे गए।
वहीं, मधुबन बापूधाम में प्रधानमंत्री आवास योजना के आवंटियों के पक्ष में होने वाली रजिस्ट्री प्रक्रिया को गति देने के लिए लगाए गए विशेष कैंप के परिणाम भी उत्साहजनक रहे। इस कैंप में बुधवार को रजिस्ट्री के लिए कुल 10 नए प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए हैं।
त्वरित निस्तारण पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्राधिकरण के अनुसार, इन सभी आवेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के बाद जल्द ही रजिस्ट्री के आदेश जारी कर दिए जाएंगे। जीडीए ने सभी नागरिकों और आवंटियों से अपील की है कि वे इस विशेष शिविर की अवधि का लाभ उठाकर अपने लंबित मामलों का निस्तारण कराएं।
