गाजियाबाद (शिखर समाचार)। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में थाना इंदिरापुरम क्षेत्र में पुलिस और एक शातिर बदमाश कपिल के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वैशाली पुलिया के पास चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि वैशाली पुलिया के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक स्कूटी सवार संदिग्ध व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर वह भागने लगा और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और उसे मौके से पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी, एक पीली धातु की चेन का टूटा हुआ टुकड़ा, एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक दर्जन से अधिक मुकदमों में वांछित था आरोपी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/soybean-crop-damaged-in-raisen/
एसीपी ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त कपिल के खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह राहगीरों को निशाना बनाकर स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता था। वारदात के बाद लूटा गया सामान वह दिल्ली में बेच देता था और उससे प्राप्त धन अपने शौक पूरे करने में खर्च करता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश जारी है।
