हापुड़ (शिखर समाचार)। हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण (एचपीडीए) ने अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिलखुवा क्षेत्र में पांच स्थानों पर लगभग 42 हजार वर्गमीटर में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। साथ ही 300 वर्गमीटर में बने एक अवैध व्यावसायिक निर्माण को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा।
पांच स्थानों पर चली बुलडोजर कार्रवाई
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मुकेश चंद्रा के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में ग्राम खेड़ा धौलाना रोड पर 5 हजार वर्गमीटर, रेलवे फाटक-58 के निकट 19 हजार वर्गमीटर, ग्राम खेड़ा में 5 हजार वर्गमीटर, रेलवे फाटक-58 के पास अन्य 5 हजार वर्गमीटर तथा परतापुर रोड पर 8 हजार वर्गमीटर में की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।
इसके अलावा ग्राम खेड़ा धौलाना रोड पर अवैध रूप से निर्मित एक व्यावसायिक भवन को सील कर दिया गया। एचपीडीए की इस कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं और कालोनाइजरों में हड़कंप मच गया है।
प्राधिकरण की सख्त चेतावनी, कार्रवाई रहेगी जारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/noida-sewer-accident-ceo-takes-strict-action/
प्रभारी सचिव एवं सक्षम अधिकारी अमित कादियान ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि बिना स्वीकृत मानचित्र के किसी भी प्रकार का निर्माण और प्लाटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्राधिकरण लगातार अवैध निर्माणों और कालोनियों की पहचान कर रहा है तथा उनके विरुद्ध सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी निर्माण कार्य या प्लाटिंग से पहले प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत अवश्य कराएं, अन्यथा नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
