शाहपुर/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। थाना क्षेत्र के गांव आदमपुर में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 20 वर्षीय युवती की उसके सगे भाई ने कथित रूप से धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती का एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसका परिवार लंबे समय से विरोध कर रहा था। घटना के बाद परिवार के अधिकांश सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए, जबकि घर पर केवल एक महिला मौजूद मिली।
जानकारी के अनुसार आदमपुर निवासी बीरा कुरैशी की पुत्री अदीबा का पिछले कुछ समय से एक युवक से प्रेम संबंध था। परिजन उसे लगातार समझाने और संबंध समाप्त करने का दबाव बना रहे थे, लेकिन वह नहीं मानी। रविवार को अदीबा अपने प्रेमी से फोन पर बात कर रही थी। इसी दौरान उसके भाई आमिर ने उसे देख लिया। बताया जा रहा है कि इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आमिर ने कथित रूप से धारदार हथियार से अदीबा का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह चौधरी पुलिस बल के साथ
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय महादिक तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने घर पर मौजूद महिला से पूछताछ की और घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई।
पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त एक चाकू बरामद किया
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त एक चाकू बरामद किया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है।
थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है तथा पुलिस एहतियात के तौर पर निगरानी बनाए हुए है।
