——–बिजनौर सांसद की पत्नी यशिका चौहान ने किया सम्मानित
खतौली/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। क्षेत्र की बेटियां लगातार खेल जगत में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। इसी क्रम में खतौली के निकटवर्ती गांव की प्रतिभाशाली बैडमिंटन खिलाड़ी कुमारी अविका मोतला ने राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। अविका की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन कर जीता स्वर्ण पदक
खतौली के निकटवर्ती एवं मेरठ जनपद के गांव दादरी निवासी अधिवक्ता अजय आर्य की पुत्री अविका मोतला ने प्रतियोगिता में मुजफ्फरनगर जनपद का प्रतिनिधित्व किया। प्रतियोगिता के दौरान अविका ने शुरुआत से ही अपने खेल पर मजबूत पकड़ बनाए रखी। बेहतरीन खेल कौशल, सटीक प्रहार और कठिन परिश्रम के बल पर उन्होंने फाइनल मुकाबले में प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया।
क्षेत्र में खुशी की लहर, खिलाड़ियों को मिला सम्मान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
अविका की इस गौरवपूर्ण सफलता पर बिजनौर सांसद चंदन चौहान की पत्नी एवं समाजसेविका यशिका चौहान ने खतौली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर यशिका चौहान ने कहा कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। खेल, शिक्षा और विज्ञान सहित हर क्षेत्र में बेटियां अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए देश का नाम रोशन कर रही हैं।
इस अवसर पर सुशील गुर्जर, युवा गुर्जर महासभा मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष शशि छोकर, महाराज सिंह, विकास आर्य, रविंदर पाल अधिवक्ता, अजय आर्य सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
