मोदीनगर (शिखर समाचार)
बागपत–मोदीनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने ईसापुर भदोला तौड़ी मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर नाराजगी जताई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने तथा कई स्थानों पर जलभराव की समस्या के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद लिया गया संज्ञान
सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने बताया कि क्षेत्र के लोगों ने उनसे सड़क की खराब स्थिति की शिकायत की थी। इसके बाद उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने बताया कि इस मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है, लेकिन अभी तक बजट स्वीकृति प्राप्त नहीं हो सकी है।
सांसद ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जब तक शासन से सड़क निर्माण के लिए बजट स्वीकृत नहीं हो जाता, तब तक सड़क पर बने बड़े गड्ढों में पत्थर डलवाकर मार्ग को चलने योग्य बनाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और आवागमन सुचारु बना रहे।
जल्द सुधार का आश्वासन, बजट के लिए प्रयास जारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/dr-kamal-bhambri-appointed-youth-chief/
अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सड़क के गड्ढों को भरवाने का कार्य कराया जाएगा। साथ ही बजट स्वीकृत होते ही सड़क के पुनर्निर्माण का कार्य भी शुरू करा दिया जाएगा। सांसद ने कहा कि वह इस मार्ग के लिए शीघ्र बजट स्वीकृत कराने हेतु शासन स्तर पर लगातार प्रयास कर रहे हैं, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
