मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। जनपद में संचालित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों की व्यवस्थाओं को परखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया रविवार को फील्ड में पहुंचे। उन्होंने विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानी।
कई स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोयला, हरसौली, जड़ौदा, पुरबालियान, सोहजनी तागान और बोपाड़ा में व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने बाह्य रोगी विभाग में आने वाले मरीजों से बातचीत कर उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। कई स्थानों पर व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश भी दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि आरोग्य मेलों में आने वाले प्रत्येक मरीज की गंभीरता से जांच कर उचित उपचार सुनिश्चित किया जाए।
संवेदनशील वर्गों के इलाज पर विशेष जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
उन्होंने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य परीक्षण पर ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि संवेदनशील वर्गों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, टीकाकरण कार्यक्रम, परिवार नियोजन सेवाएं और संस्थागत प्रसव की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
लापरवाही पर सख्त चेतावनी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
डॉ. तेवतिया ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आरोग्य स्वास्थ्य मेले आमजन को निःशुल्क और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि हर व्यक्ति तक बेहतर चिकित्सा सुविधा पहुंचे और कोई भी मरीज उपचार से वंचित न रहे।
