बिजनौर (शिखर समाचार)। बिजनौर के तहसील धामपुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 183 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 11 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी जसजीत कौर ने की।
शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य है कि जिला स्तरीय समस्याओं का एक ही स्थान पर प्रभावी निस्तारण किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी शिकायत का मौके पर समाधान संभव न हो, तो उसे एक सप्ताह के भीतर गुणवत्ता के साथ निस्तारित किया जाए।
लापरवाही पर सख्त चेतावनी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई शिकायतकर्ता बार-बार अपनी समस्या लेकर आ रहा है, तो यह दर्शाता है कि उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया या उसका सही निस्तारण नहीं हुआ। सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे शिकायतों का मानक के अनुरूप समाधान सुनिश्चित करें तथा आवश्यक होने पर मौके पर जाकर शिकायतकर्ता और स्थानीय लोगों से बातचीत कर सत्यता की पुष्टि करें।
अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए दिनकर भारती, उप जिलाधिकारी स्मृति मिश्रा, क्षेत्राधिकारी सिटी, तहसीलदार सहित अन्य जिला, तहसील एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
