ग्रेटर नोएडा (शिखरसमाचार)।
आगामी 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के लोकार्पण और कार्गो टर्मिनल के उद्घाटन के साथ-साथ एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ऑपरेशंस) परियोजना के शिलान्यास को लेकर तैयारियां तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को एयरपोर्ट का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री का निरीक्षण और तैयारियों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित रूट, पैसेंजर टर्मिनल, कार्गो टर्मिनल, रैली स्थल, पार्किंग, हेलीपैड और प्रमुख मार्गों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक व्यवस्था की जानकारी लेकर सभी कार्यों को समयबद्ध और मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम संचालन और सुरक्षा व्यवस्था
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/corporation-officials-hold-joint-meeting/
एयरपोर्ट परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और संचालन योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियां निभाने और तय समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, विशिष्ट अतिथियों, मीडिया और आमजन की उपस्थिति को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और प्रभावी होनी चाहिए।
मूलभूत सुविधाओं और जनसुविधा पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/wahab-chaudhary-expelled-from-bsp/
मुख्यमंत्री ने साफ-सफाई, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा, ट्रैफिक, परिवहन, अग्निशमन, चिकित्सा सेवाएं और साइनेज जैसी सभी मूलभूत सुविधाओं को समय से पहले सुनिश्चित करने पर जोर दिया। पार्किंग स्थलों पर मोबाइल शौचालय, हेल्प डेस्क और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से सुरक्षा, पार्किंग और वैकल्पिक मार्गों की विस्तृत योजना प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम के लिए 4 स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। जनसुविधा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन, पुलिस और स्वयंसेवकों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
