बिजनौर (शिखर समाचार)
नवदीप रिनवा ने कहा कि निर्वाचन आयोग ऐसी व्यवस्था करने जा रहा है, जिससे एक ही परिवार के सभी सदस्यों के वोट एक ही पोलिंग स्टेशन पर डाले जा सकेंगे। इससे मतदाताओं को अपने परिवार के साथ मतदान करने में सुविधा होगी और उन्हें अलग-अलग बूथों पर जाने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।
एक बूथ पर मतदाताओं की संख्या घटेगी
बुधवार को बिजनौर कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में नवदीप रिनवा ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोग एक बूथ पर मतदाताओं की संख्या 1500 से घटाकर 1200 करने जा रहा है। इसके अलावा मतदान केंद्रों के बाहर मोबाइल फोन रखने की भी पुख्ता व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने नहीं दिया जाएगा। साथ ही अगली विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण प्रक्रिया तक सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रखे जाएंगे।
मतदाता सूची के लिए महत्वपूर्ण तिथियां
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/in-the-cough-syrup-case-ghaziabad-police/
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 10 अप्रैल 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा, जबकि दावा और आपत्तियां 27 मार्च 2026 तक स्वीकार की जाएंगी। अंतिम प्रकाशन के बाद भी फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया प्रत्येक माह जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अभी भी लगभग 3.5 करोड़ ऐसे युवा हो सकते हैं, जिनका नाम किसी कारण से मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है। ऐसे 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
बीएलओ के मानदेय में वृद्धि और सम्मान
ALSO READ: https://rashtriyashikhar.com/maruti-van-caught-fire-due-to-short-circuit/
बीएलओ की समस्याओं पर बोलते हुए नवदीप रिनवा ने बताया कि उनके मानदेय में वृद्धि की गई है और बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ को सम्मानित भी किया जा रहा है। बिजनौर जिले की आठ विधानसभाओं के 40 बीएलओ को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जा रहा है।
इस दौरान जसजीत कौर ने बताया कि जिले में बीएलओ को चिन्हित कर उन्हें समयबद्ध तरीके से बेहतर प्रशिक्षण दिया गया है। इसी का परिणाम है कि बिजनौर जिले को पूरे प्रदेश में सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया है।
