आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)|
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनाइजर्स के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति को जारी रखते हुए शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। उपाध्यक्ष के कड़े निर्देशों के बाद, प्रवर्तन जोन 3 की टीम डासना और कल्लू गढ़ी क्षेत्र में विकसित की जा रही तीन प्रमुख अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
विरोध के बावजूद जारी रही कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय निर्माणकर्ताओं और भूमाफियाओं ने जमकर हंगामा किया और सरकारी काम में बाधा डालने की कोशिश की। माहौल को तनावपूर्ण होता देख प्राधिकरण के पुलिस बल ने स्थिति को संभाला और विरोध कर रहे लोगों को सख्ती से नियंत्रित किया। पुलिस के कड़े घेरे के बीच ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
इन क्षेत्रों में हुई बड़ी कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
प्राधिकरण की टीम ने चिन्हित किए गए निम्नलिखित खसरा नंबरों पर ध्वस्तीकरण किया गया।
ग्राम कल्लू गढ़ी: खसरा संख्या 1380 में रेलवे लाइन के पास सतीश द्वारा विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी।
ग्राम डासना: खसरा संख्या 1410 पर यासीन द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण।
कल्लू गढ़ी (डासना लाइन): खसरा संख्या 1348 और 1386 पर रविन्द्र चौधरी, रोहित चौधरी और ओमवीर चौधरी द्वारा बसाई जा रही कॉलोनी के निर्माणों को ढहा दिया गया।
मौके पर मौजूद रहा भारी अमला
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/trans-hindon-cyber-police-40-crore-recovered/
प्रभारी प्रवर्तन जोन 3 के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, समस्त सुपरवाइजर और मेट मौजूद रहे। साथ ही, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस और प्राधिकरण का भारी पुलिस बल तैनात रहा। चेतावनी: जीडीए ने साफ कर दिया है कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए और अवैध रूप से काटी जा रही कॉलोनियों के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। जनता से अपील की गई है कि वे ऐसी कॉलोनियों में निवेश न करें।
