जमीन सौदे में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज, बार एसोसिएशन सचिव के खिलाफ रिपोर्ट पर वकीलों का तहसील में धरना

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Fraud Case Filed in Land Deal; Lawyers Stage Sit-in at Tehsil Against Bar Association Secretary’s Report IMAGE CREDIT TO REPORTER

मोदीनगर (शिखर समाचार) जमीन खरीद फरोख्त से जुड़े लेनदेन विवाद में मोदीनगर बार एसोसिएशन के सचिव नकुल त्यागी समेत दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज होने के बाद अधिवक्ताओं में तीखी नाराजगी फैल गई। आक्रोशित वकीलों ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान धरने पर बैठ गए।
जानकारी के अनुसार मेरठ जिले के इकला गांव निवासी मुकुल सांगवान ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत देकर बताया कि भोजपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी सुमित ने उससे कृषि भूमि बेचने का अनुबंध किया था। आरोप है कि तय समझौते के बावजूद जमीन का बैनामा उसके नाम न कर किसी अन्य व्यक्ति के नाम कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने इस पूरे प्रकरण में सुमित के साथ नकुल त्यागी की भूमिका होने का भी आरोप लगाया।

वकीलों का धरना: धोखाधड़ी के मुकदमे को लेकर न्यायिक कार्रवाई पर उठाया विरोध

ALSO READ:https://www.amarujala.com/delhi-ncr/ghaziabad/cold-wave-today-yellow-alert-for-fog-again-from-tomorrow-ghaziabad-news-c-30-gbd1036-802437-2026-01-15?src=top-subnav

शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने सुमित और नकुल त्यागी के विरुद्ध धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। जैसे ही यह जानकारी अधिवक्ताओं को मिली, वे एकजुट होकर तहसील पहुंचे और पुलिस कार्रवाई को पक्षपातपूर्ण बताते हुए विरोध शुरू कर दिया। अधिवक्ताओं का कहना है कि नकुल त्यागी को साजिश के तहत झूठे मामले में फंसाया गया है और रिपोर्ट वापस ली जानी चाहिए।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान उप जिलाधिकारी अजीत कुमार और सहायक पुलिस आयुक्त भास्कर वर्मा शिकायतें सुन रहे थे। इसी दौरान वकीलों ने नारेबाजी करते हुए धरना शुरू कर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मुकदमा समाप्त नहीं किया गया तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।
अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Share This Article
Leave a comment