हापुड़ (शिखर समाचार) राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के मार्गदर्शन में मेरा युवा भारत (माय भारत) द्वारा जिले में मतदाता जागरूकता को लेकर विशेष आयोजन किया गया। चौधरी महेंद्र सिंह डिग्री कॉलेज परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में संगोष्ठी के साथ जागरूकता रैली निकालकर युवाओं को मतदान के प्रति प्रेरित किया गया।
युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता और लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के प्रयास
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की ट्रस्टी रेणुका चौधरी, हरीश कुमार शर्मा, विजयवीर सिंह और तुषार वर्मा द्वारा विद्या की अधिष्ठात्री देवी सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। आयोजन का मूल उद्देश्य “मेरा भारत, मेरा वोट” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने का नागरिक दायित्व भी है। विशेष रूप से प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं को जागरूक, नैतिक और जिम्मेदार मतदाता के रूप में तैयार करना इस अभियान की प्राथमिकता रही। युवाओं को मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची में सुधार और निष्पक्ष मतदान की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
सफल आयोजन और युवाओं के उत्साहजनक सहभागिता से लोकतांत्रिक संदेश का प्रचार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
कार्यक्रम के सफल संचालन में माय भारत के उपनिदेशक देवेंद्र कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। महाविद्यालय के प्राचार्य हरीश कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक नागरिक के मतदान से जुड़ी है और एक-एक वोट देश की दिशा तय करता है।
कार्यक्रम का आकर्षण प्रथम बार मतदान करने वाले युवा प्रिया, पलक, शिवानी और प्रिंस चौहान रहे, जिन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए मतदान को गर्व, उत्साह और जिम्मेदारी का प्रतीक बताया। इस दौरान माय भारत की ओर से प्रथम बार मतदाता बने युवाओं को सम्मानित भी किया गया।
मेरा वोट के संदेश के साथ निकाली गई जागरूकता रैली
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/trans-hindon-cyber-police-40-crore-recovered/
माय भारत, हापुड़ के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक तुषार वर्मा ने मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को पदक और टोपी प्रदान की, वहीं अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने निर्भीक, निष्पक्ष और जागरूक मतदान की शपथ भी ली।
समापन अवसर पर मेरा भारत, मेरा वोट के संदेश के साथ निकाली गई जागरूकता रैली ने पूरे परिसर को लोकतांत्रिक चेतना से सराबोर कर दिया। आयोजन में रेणुका सिंह, हरीश कुमार शर्मा, विजयवीर सिंह, पंकज शर्मा, प्रेरणा वर्मा, सौरभ तोमर, विजेंद्र कुमार, तुषार वर्मा, अमित मलिक, मलका परवीन सहित महाविद्यालय के सहायक आचार्य और बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं मौजूद रहे।
