——सांस्कृतिक रंग, शैक्षिक सम्मान और जनकल्याण योजनाओं की झलक ने खींचा जनसैलाब
ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)
प्रदेश की स्थापना के उपलक्ष्य में आयोजित उत्तर प्रदेश दिवस 2026 के तहत नोएडा के शिल्प हाट, सेक्टर 33ए में द्वितीय दिवस का आयोजन उल्लास, संस्कृति और विकास के संदेश के साथ भव्य रूप में संपन्न हुआ। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक चेतना और विकासात्मक उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी गौतमबुद्धनगर डॉ शिवकांत द्विवेदी ने की, जबकि बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
उत्तर प्रदेश दिवस ने संस्कृति, कला और उद्यमिता को दिया सशक्त मंच: मुख्य विकास अधिकारी का संदेश
मुख्य विकास अधिकारी डॉ शिवकांत द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस जैसे आयोजन प्रदेश की लोककला, शिल्प और सांस्कृतिक विविधता को सशक्त मंच प्रदान करते हैं। ऐसे कार्यक्रम युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं और निवेश संभावनाओं के प्रति जन जागरूकता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने अधिकाधिक लोगों से आयोजन में सहभागिता कर लाभ उठाने का आह्वान किया।
द्वितीय दिवस पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने देशभक्ति, सामाजिक संदेश और भारतीय संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए। आर्य पब्लिक स्कूल, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सेक्टर 12, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज होशियारपुर सेक्टर 51, सेंट हुड कॉन्वेंट स्कूल, बीजीएस विजनाथन स्कूल, राव कासल पब्लिक स्कूल, वर्ल्ड स्कूल ग्रेटर नोएडा और सरला चोपड़ा डीएवीपी स्कूल के विद्यार्थियों ने समूह नृत्य, शास्त्रीय नृत्य, नृत्य नाटिका, लघु नाटिका और समूह गान के माध्यम से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
कला और शिक्षा का संगम: सांस्कृतिक संध्या में भावपूर्ण प्रस्तुतियां और छात्रवृत्ति वितरण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/sihani-gate-police-solved-a-showroom-theft/
कार्यक्रम में कथक नृत्यांगना अनुराधा की भावपूर्ण प्रस्तुति, कवि रघुवर आनंद का ओजस्वी कविता पाठ तथा अश्रुत बैंड द्वारा बांसुरी वादन और मधुर गीतों ने सांस्कृतिक संध्या को और भी यादगार बना दिया। कला, संगीत और भावनाओं के सुंदर समन्वय ने पूरे परिसर को तालियों की गूंज से भर दिया।
इस अवसर पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज होशियारपुर, सेक्टर 51, नोएडा की सत्र 2025–26 की पात्र छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। अनुसूचित जाति वर्ग में कक्षा 11 की निशा और पूजा देवी तथा कक्षा 12 की अनामिका, पिछड़ा वर्ग में कक्षा 9 की रश्मि और कक्षा 10 की समिक्षा यादव, सामान्य वर्ग में कक्षा 11 की शिवांशी शुक्ला और कक्षा 12 की तान्या तथा अल्पसंख्यक वर्ग में कक्षा 9 की साजिया और कक्षा 12 की इलमा को छात्रवृत्ति से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त एस्टर कॉलेज ऑफ एजुकेशन के अनिल कुमार चौधरी को भी छात्रवृत्ति का लाभ प्रदान किया गया।
उत्तर प्रदेश दिवस 2026 के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित स्टाल और प्रदर्शनियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। पशुपालन, विद्युत, कृषि, महिला कल्याण, समाज कल्याण, आयुष, स्वास्थ्य, बेसिक शिक्षा, पुलिस विभाग, नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण सहित अनेक विभागों ने अपनी योजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 और राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम जैसी योजनाओं ने लोगों की विशेष रुचि आकर्षित की। साथ ही फूड स्टालों पर पारंपरिक और आधुनिक व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए भी लोगों की भीड़ लगी रही।
वालीवुड संगीत से सजी उत्तर प्रदेश दिवस की सांगीतिक शाम, विशाल श्रीवास्तव ने बढ़ाया उत्सव का रंग
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/discussion-on-ghaziabad-in-the-review-meeting/
कार्यक्रम के समापन सत्र में विशाल श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तुत वालीवुड संगीत कार्यक्रम ने माहौल को संगीतमय कर दिया। लोकप्रिय गीतों की सजीव प्रस्तुति पर दर्शक झूमते नजर आए और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरे परिसर में उत्सव का वातावरण बन गया। उनकी ऊर्जावान गायिकी ने उत्तर प्रदेश दिवस 2026 के द्वितीय दिवस को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, ओएसडी नोएडा अरविंद कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश सिंह, सहायक विकास अधिकारी सहकारिता आलोक रंजन, खंड विकास अधिकारी दादरी नेहा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज होशियारपुर की प्रधानाचार्य गीता भाटी सहित प्रशासन, पुलिस और प्राधिकरण के अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
