गाजियाबाद (शिखर समाचार)। पढ़ाई करने के बावजूद भी जल्द अमीर बनने के लालच में 20 वर्षीय युवक समद ने दोपहिया वाहन चोर गैंग का गठन कर डाला। समद दोपहिया वाहन चोरी करता और उसके साथी गोविंद, नदीम व शाहरुख उसका साथ देते। चोरी किए गए वाहनों को यह चारों मिलकर छोटा हाथी में भरकर दिल्ली सीमापुरी में बेच देते थे। पुलिस ने इन चारों को चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया और इनकी निशानदेही पर 3 मोटरसाइकिल, 1 स्कूटी, 1 मोटरसाइकिल के कटे हुए पार्ट्स और 1 छोटा हाथी टेम्पो बरामद किया। संवाददाता सम्मेलन में एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि थाना वेव सिटी क्षेत्र में दोपहिया वाहन चोरी होने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही थी। चोरी की घटनाओं का खुलासा करने के लिए टीमों का गठन किया गया था, जिसके बाद इन चारों को चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि समद भीड़भाड़ वाले इलाकों से दोपहिया वाहन के तार जोड़कर उसे स्टार्ट कर लेता था। रास्ते में गोविंद, नदीम व शाहरुख पुलिस पर नजर रखते थे। समझ चोरी के वाहन को शाहरुख की दुकान पर लेकर आता और वहां पर उसकी नंबर प्लेट बदल दी जाती थी। चोरी के वाहनों को छोटा हाथी में भरकर दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बेच दिया करते थे। वाहन को बेचने के बाद जो पैसे आते थे, उसे आपस में बांट लिया करते थे।
