किसान पर जानलेवा हमला करने वाला हिस्ट्रीशीटर बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
History-sheeter criminal who carried out deadly attack on farmer arrested after encounter IMAGE CREDIT TO POLICE

नगीना/बिजनौर (शिखर समाचार) खेत में कार्य कर रहे किसान पर जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित चल रहे एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर बदमाश को नगीना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर किसान की पुत्री के साथ अभद्रता करने और विरोध करने पर किसान को गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है।

खेत में दरिंदगी, विरोध पर जानलेवा हमला—आरोपी फरार, पुलिस तलाश में

ALSO READ:https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/ghaziabad/news/bjp-state-president-pankaj-chaudhary-reached-ghaziabad-136797495.html

थाना क्षेत्र नगीना के ग्राम हुर्रनंगला निवासी एक महिला ने 20 दिसंबर 2025 को थाने में तहरीर देकर बताया था कि खेत में काम करते समय एक युवक ने उसकी पुत्री के साथ छेड़छाड़ की। जब इस हरकत का उसके पति लेखराम सैनी ने विरोध किया तो आरोपी ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी नगीना अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम ग्राम अमरौली स्थित नहर के पुल के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सामने से एक मोटरसाइकिल सवार आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर वह भागने लगा और अनियंत्रित होकर गिर पड़ा। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे मौके से दबोच लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम इकराम उर्फ भूरा कुरैशी पुत्र खलील कुरैशी निवासी ग्राम बेहड़ा सादात थाना काकरौली जनपद मुजफ्फरनगर बताया। वर्तमान में वह ग्राम ताहारपुर सैद उर्फ तरकौला थाना नहटौर जनपद बिजनौर में रह रहा था। पुलिस के अनुसार इकराम थाना धामपुर क्षेत्र का पंजीकृत हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध विभिन्न जनपदों में करीब डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने 20 दिसंबर को किसान पर हमला करने की घटना स्वीकार कर ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, बारह बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए चिकित्सालय भेज दिया गया है, वहीं पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

Share This Article
Leave a comment