पेंशनरों की समस्याओं के समाधान को लेकर विकास भवन में पेंशनर दिवस आयोजित, वरिष्ठ पेंशनरों का किया गया सम्मान

Rashtriya Shikhar
4 Min Read
Pensioners' Day Held at Vikas Bhavan to Address Pensioners' IMAGE CREDIT TO INFORMATION DEPARTMENT

ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)
जनपद गौतम बुद्ध नगर के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से विकास भवन सभागार में पेंशनर दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने की। इस अवसर पर जनपद के वरिष्ठ पेंशनरों को उनके दीर्घकालीन शासकीय योगदान के लिए पुष्पहार एवं ऊनी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

वरिष्ठ पेंशनरों को सम्मान: 92 से 97 वर्ष के सम्मानित व्यक्तियों के लिए प्रशासन ने की विशेष पहल

ALSO READ:https://www.livehindustan.com/ncr/schools-in-ghaziabad-have-been-permitted-to-conduct-classes-physically-201765984875011.html

कार्यक्रम के दौरान 92 वर्ष आयु के आर. एन. चौधरी, 87 वर्षीय राजेश पांडेय, 97 वर्षीय कृष्णपाल सिंह, 93 वर्षीय महेश प्रसाद तथा 87 वर्षीय हरीश चंद्र अग्रवाल को सम्मान प्रदान किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी वरिष्ठ पेंशनरों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेंशनरों से जुड़े सभी प्रकरणों का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित किया जाए, जिससे उन्हें अनावश्यक कार्यालयीय परेशानियों का सामना न करना पड़े।

मुख्य विकास अधिकारी ने पेंशनरों से व्यक्तिगत परिचय प्राप्त करते हुए कहा कि शासकीय सेवा के दौरान उनके द्वारा दिया गया योगदान प्रशासन और समाज दोनों के लिए अत्यंत मूल्यवान है। उन्होंने सभी पेंशनरों के उत्तम स्वास्थ्य, सम्मानपूर्ण जीवन और दीर्घायु की कामना करते हुए आश्वासन दिया कि पेंशनर दिवस में उठाई गई प्रत्येक समस्या का समयबद्ध समाधान कराया जाएगा।

पेंशनर दिवस पर मुख्य कोषाधिकारी शिखा गुप्ता का संदेश: पेंशन, न केवल आर्थिक सहायता, बल्कि सेवाओं का सम्मान और सुरक्षा

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/district-level-banking-coordination/

इस अवसर पर मुख्य कोषाधिकारी शिखा गुप्ता ने पेंशनर दिवस के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह आयोजन उन कर्मचारियों के सम्मान हेतु किया जाता है, जिन्होंने वर्षों तक निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ शासकीय सेवाओं में योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि पेंशन केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि लंबे समय तक दी गई सेवाओं का सम्मान और सुरक्षा का प्रतीक है। साथ ही पेंशन के समय पर भुगतान, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, पारदर्शिता और सरल प्रक्रियाओं को लेकर शासन स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की गई।

पेंशनर दिवस के दौरान पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रघुराज सिंह चौहान सहित अन्य पेंशनरों ने आयकर संबंधी विषयों, चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के भुगतान में देरी, शस्त्र अनुज्ञप्ति नवीनीकरण, पेंशन निर्धारण, शिक्षा विभाग से जुड़े लंबित प्रकरणों सहित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इन सभी बिंदुओं पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश देते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के आदेश दिए।

WhatsApp Image 2025 12 17 at 6.35.30 PM 1

इसके अतिरिक्त पेंशनरों द्वारा आगामी आठवें वेतन आयोग में पूर्व पेंशनरों को भी शामिल किए जाने की मांग को लेकर एक ज्ञापन मुख्य विकास अधिकारी को सौंपा गया, जिसे शासन स्तर पर प्रेषित किए जाने का आश्वासन दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कोषाधिकारी शिखा गुप्ता द्वारा किया गया। समापन अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी एवं वरिष्ठ कोषाधिकारी ने उपस्थित सभी पेंशनरों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ, सम्मानजनक और सुरक्षित भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरिमोहन गर्ग, वरिष्ठ लेखाकार शरद रस्तोगी, राजीव त्यागी, शिल्पी शर्मा, कोषागार कार्यालय का स्टाफ, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment