हापुड़ (शिखर समाचार)
शहर में शिक्षा उन्नयन के लिए किए गए खास प्रयासों को सराहते हुए जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय आईएएस और मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गौतम आईएएस ने समाजसेवी नरेन्द्र अग्रवाल को सम्मानित किया। नरेन्द्र अग्रवाल ने हापुड़ ब्लॉक के गांव सलाई स्थित नव निर्मित राजकीय इंटर कॉलेज में करीब 500 विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराया था। उनकी यह पहल ग्रामीण शिक्षा ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

फर्नीचर की व्यवस्था की जानकारी प्रशासन को होते ही जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने नरेन्द्र अग्रवाल को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित करते हुए उनके योगदान को प्रेरणादायक बताया। इस मौके पर कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. जया मिश्रा भी मौजूद रहीं।
नरेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि अब उनका उद्देश्य हापुड़ शहर में गरीब परिवारों की बालिकाओं के लिए एक इंटर कॉलेज का निर्माण करवाना है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बेटियां भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हासिल कर सकें। उन्होंने इंटर कॉलेज निर्माण के लिए आवश्यक सरकारी भूमि उपलब्ध कराने को लेकर जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी से निवेदन भी किया है। उनका कहना है कि इस सामाजिक पहल में शहर के कई नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है और लोगों ने भी उत्साहपूर्वक साथ देने का आश्वासन दिया है। नरेन्द्र अग्रवाल ने कहा कि यदि यह कॉलेज बनकर तैयार होता है, तो इससे शहर की गरीब बालिकाओं को शिक्षा का नया द्वार मिलेगा और वे आगे चलकर जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकेंगी।
