गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना मोदीनगर पुलिस ने मोदीपोन फैक्ट्री के पास मिले जंगल में शव अवशेषों की गुत्थी को सुलझा लिया है। शव की पहचान अनिल के रूप में हुई है, जो राज मिस्त्री का काम करता था। अनिल की हत्या उसी के साथ काम करने वाले बेलदार रोहित ने मात्र ढाई सौ रुपए के लिए कर दी थी। पुलिस ने आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया है। संवाददाता सम्मलेन में एसीपी मोदीनगर अमित कुमार सक्सेना ने बताया कि अनिल और रोहित दोनों एक साथ काम करते थे। काम के बाद दोनों ने एक साथ 500 की शराब खरीदी और पीने के लिए जंगल में चले गए। शराब पीते समय रोहित ने अनिल से शराब के ढाई सौ रुपए मांगे। जब अनिल ने ढाई सौ रुपए नहीं दिए तो गुस्से में आकर रोहित ने वहां पास पड़े डंडे से उसके सिर पर वार करके उसकी हत्या कर दी। अनिल की हत्या करने के बाद रोहित उसका फोन लेकर वहां से चला गया। उन्होंने बताया कि रोहित से जब पूछताछ शुरू की गई तो उसने बताया कि अनिल अपना फोन उसे देकर कहीं चला गया है। जब रोहित का अपराधीक इतिहास खंगाला गया तो उसमें पता चला कि वह पहले भी हत्या कर चुका है। जब रोहित से सख्ताई से पूछताछ की गई तो उसने पूरा घटनाक्रम बयान कर दिया।

