बिजनौर (शिखर समाचार) नजीबाबाद क्षेत्र में स्वर्गीय रमेश चंद माहेश्वरी और पुष्प लता माहेश्वरी की स्मृति में राधे राधे वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित सामाजिक पहल के तहत गोद लिए गए गांव में सोमवार को विशेष पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्था ने 85 गर्भवती महिलाओं को खाद्यान्न सामग्री के साथ प्रोटीन पाउडर के पैक वितरित कर उनके स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया।
खैरुल्लापुर में कुपोषण पर जागरूकता अभियान: जच्चा–बच्चा सुरक्षा कार्यक्रम का शुभारंभ, स्वास्थ्य जांच और सलाह भी शामिल
ग्राम पंचायत खैरुल्लापुर के सचिवालय परिसर में कुपोषण के खिलाफ एक जंग जच्चा-बच्चा सुरक्षा विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। आयोजन के दौरान चिकित्सक टीम द्वारा गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें बदलते मौसम में विशेष सावधानियां बरतने की सलाह दी गई।
डॉ प्रवीण लता नय्यर ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं और इससे जरूरतमंद महिलाओं तक पोषण सामग्री समय पर पहुंच पाती है। उन्होंने सोसाइटी की इस पहल को सामाजिक दायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
नीलम माहेश्वरी का संदेश: पोषण और जागरूकता से कुपोषण के खिलाफ निरंतर संघर्ष
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/sadhvi-padmahasta-bharaticonsuming-kathamrit/
सोसाइटी की अध्यक्ष नीलम माहेश्वरी ने कहा कि संस्था ग्रामीण महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य सुधार के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार के आयोजन करती रहेगी। उन्होंने बताया कि पोषण और जागरूकता से ही कुपोषण के खिलाफ प्रभावी संघर्ष संभव है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान रीना ने की जबकि संचालन साहित्यकार प्रदीप डेजी ने संभाला। कार्यक्रम में विजय माहेश्वरी, निशा महेश्वरी, देवेंद्र कुमार, आरती वर्मा, संदीप महेश्वरी, ममता देवी, सावित्री देवी, रिशु अग्रवाल, नीलम हांडा, रजनी तागरा, अंजु अग्रवाल और सुलेखा अग्रवाल सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
