हापुड़ (शिखर समाचार) हाफिजपुर थाना क्षेत्र में एक युवती को प्रेमजाल में फंसाकर लंबे समय तक उसका शोषण करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के ही फैजान नामक युवक पर शादी का झांसा देकर करीब तीन वर्षों तक युवती से दुष्कर्म करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
भरोसे का जाल और क्रूर शोषण: पीड़िता ने बताया आरोपी का दुष्कर्म और धमकियां का सिलसिला
पीड़िता, जो अपने वृद्ध पिता की अकेली देखभाल करती है और मजदूरी कर घर चलाती है, ने बताया कि करीब तीन साल पहले फैजान ने पहले उससे दोस्ती बढ़ाई और फिर शादी का भरोसा देकर उसे अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद वह समय-समय पर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने कई बार उसकी अश्लील वीडियो और फोटो भी बना लिए, जिनके जरिए वह उसे धमकाकर शोषण करता रहा।
14 नवंबर 2025 को पीड़िता अपने बीमार पिता की देखभाल के लिए पिलखुवा के जीएस अस्पताल गई हुई थी। इसी दौरान फैजान अस्पताल पहुंचा और उसे घर छोड़ने का बहाना बनाकर बोलेरो पिकअप में बैठा लिया। रास्ते में उसने वाहन को उबारपुर के सुनसान जंगल में रोक दिया। यहां आरोपी ने पुरानी अश्लील वीडियो और फोटो दिखाकर पीड़िता को धमकाया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
धमकियों और शोषण से तंग होकर पीड़िता ने दर्ज कराई शिकायत, पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज किया
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/paneshia-medical-tech-on-path-of-investment/
पीड़िता ने बताया कि फैजान ने धमकी दी थी कि यदि उसने यह बात किसी से कही तो वह वीडियो-फोटो वायरल कर उसकी हत्या कर देगा। लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न से तंग आकर पीड़िता ने उसी दिन हाफिजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। तहरीर मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
थाना प्रभारी प्रवीन कुमार के अनुसार, पुलिस टीम ने मंगलवार को छापेमारी कर फैजान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को जेल भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस ने आश्वस्त किया कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए आरोपी पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
