गाजियाबाद (शिखर समाचार)। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में पुलिस और बदमाशों के बीच में मुठभेड़ का सिलसिला लगातार जारी है। थाना इंदिरापुरम पुलिस ने मुढभेड़ में 1 लुटेरे निखिल को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में निखिल के पैर में गोली लगी और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 1 अवैध तमंचा, 1 खोखा कारतूस, 1 जिन्दा कारतूस, छिने हुए 5 हजार रुपए नगद और एक चोरी की मोटर साइकिल बरामद की। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि थाना इन्दिरापुरम पुलिस टीम शिप्रा मॉल जाने वाले रास्ते पर चैंकिंग कर रही थी तभी एक मोटर साइकिल पर सवार व्यक्ति को आता हुआ देखकर पुलिस ने रुकने का इशारा किया परन्तु मोटर साइकिल सवार व्यक्ति नही रुका तथा मोटर साइकिल को तेजी से मोड़कर पास ही में सर्विस रोड की तरफ भागने लगे। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा पीछा करने पर पुलिस से बचकर भागने की जल्दी में मोटर साइकिल फिसलकर रोड पर गिर गई और व्यक्ति ने अपने आप को पुलिस से घिरा देखकर खुद को पुलिस के हवाले करने के बजाय अपने पास लिए तमंचे से पुलिस वालों को निशाना बनाकर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया। पुलिस ने भी फायर किया, जिससे बदमाश निखिल कुमार पुत्र योगेश कुमार निवासी 141 गली नं0 6 मंण्डोली नार्थ ईस्ट दिल्ली के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर नीचे गिर गया।गिरफ्तार अभियुक्त को उपचार हेतु अस्पताल भेज दिया गया है और अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है। इसके अलावा थाना इन्दिरापुरम पर स्नैचिंग का 1, थाना विजयनगर पर चोरी के सम्बन्ध में 1 व थाना साहिबाबाद पर लूट से सम्बन्धित 2 अभियोग पंजीकृत है। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि 2 हफ्ते पहले इन्दिरापुरम की जीसी ग्रांड सोसाइटी के पास से एक महिला से पर्स छीना था, जिसमे 30 हजार रुपए कैश था। 30 में से उसने 25 हजार रुपए अपने शोक मौज में खर्च कर दिये और शेष बचे 5 हजार रुपए उसके पास थे और यह मोटरसाइकिल भी उसने कुछ समय पहले विजयनगर क्षेत्र से चोरी की थी, जिससे वह छिनैती की घटना करता था। वह गाजियाबाद, दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में राह चलते लोगों से बैग/पर्स व चैन छीनकर दिल्ली में सस्ते दामों में बेचकर पैसे कमा लेता है।

