महिला आयोग सदस्य ने जनसुनवाई में सुनीं 15 पीड़ित महिलाओं की शिकायतें, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Women’s Commission Member Hears Complaints of 15 Victimized Women During Public Hearing, Directs Officials for Prompt Action IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

हापुड़ (शिखर समाचार)।

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. हिमानी अग्रवाल की अध्यक्षता में बुधवार को मेरठ रोड स्थित सिंचाई विभाग के अतिथि गृह में महिला उत्पीड़न से संबंधित जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई के दौरान जनपद की 15 पीड़ित महिलाओं की शिकायतें सुनी गईं। इनमें पारिवारिक विवाद, दहेज उत्पीड़न, मारपीट तथा छेड़छाड़ से जुड़े मामले प्रमुख रहे। प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से सुनवाई करते हुए डॉ. हिमानी अग्रवाल ने संबंधित थाना प्रभारियों और अधिकारियों को पीड़िताओं को शीघ्र न्याय दिलाने तथा मामलों में तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महिला उत्पीड़न मामलों में त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

जनसुनवाई के दौरान पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को विस्तार से सुना गया और संबंधित विभागों के अधिकारियों से प्रकरणों की स्थिति की जानकारी भी ली गई। महिला आयोग सदस्य ने कहा कि महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए और शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाए।

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी पिलखुवा, अपर उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी तथा महिला थाना प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रोबेशन कार्यालय से संरक्षण अधिकारी अमित कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता रिंकू सिंह, वन स्टॉप सेंटर प्रभारी सोनिया, जिला समन्वयक नेहा त्यागी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment