सड़क किनारे खून से सना मिला महिला का शव, पहचान नहटौर की हिना के रूप में हुई, हत्या की आशंका

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
A woman’s body was found smeared with blood by the roadside; identified as Hina from Nahtaur, suspected to be a murder IMAGE CREDIT TO POLICE

नगीना/बिजनौर (शिखर समाचार) नगीना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां जीतपुर पलड़ी गांव के पास सड़क किनारे खेतों के बीच खून से सना महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती तौर पर पहचान न होने पर शव को अज्ञात मानकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, लेकिन बाद में मोर्चरी में पहुंचकर नहटौर के परिजनों ने शव की पहचान हिना (35) के रूप में कर ली। परिजनों ने हिना की हत्या की आशंका जताई है।

शुक्रवार रात खेत में महिला का रक्तरंजित शव मिला, पुलिस ने फोरेंसिक जांच के बाद शव भेजा अस्पताल

ALSO READ:https://hindi.news18.com/amp/news/uttar-pradesh/ghaziabad-yashoda-medicity-inauguration-president-draupadi-murmu-inauguration-cm-yogi-defense-traffic-special-arrangements-local18-9777634.html

शुक्रवार रात करीब नौ बजे राहगीरों ने खेत के पास महिला का रक्तरंजित शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर में क्षेत्राधिकारी अंजनी चतुर्वेदी व थाना प्रभारी नवनीत मान पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। शव के पास फोरेंसिक जांच कराई गई, लेकिन पहचान न होने पर पंचनामा भरकर जिला अस्पताल भेज दिया गया।

रात में ही घटनास्थल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। तस्वीरें देखने के बाद नहटौर से परिजन बिजनौर मोर्चरी पहुंचे और महिला की पहचान हिना के रूप में की। भाई हसन, निवासी तकियागढ़ी नहटौर, ने बताया कि हिना का विवाह करीब 16 वर्ष पूर्व जिगर कॉलोनी नहटौर के नजाकत से हुआ था। 23 अक्टूबर की शाम वह घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों के मुताबिक, एक वायरल वीडियो के जरिए पता चला था कि हिना किसी वाहन में बैठकर किसी के साथ गई थी। गुमशुदगी को लेकर नहटौर थाने में तहरीर दी गई थी।

तीन दिन की गुमशुदगी के बाद हिना का शव मिला, परिजन हत्या की आशंका जताकर मामले की गहन जांच की मांग

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/additional-cp-keshav-kumar-chaudhary-meeting/

गुमशुदगी के तीन दिन बाद हिना का शव दूसरे थाना क्षेत्र में मिलना परिजनों को सवालों से घेर रहा है। परिवार का आरोप है कि हिना की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंका गया, ताकि मामला हादसा लगे। परिजन इस पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच की मांग कर रहे हैं।

थाना प्रभारी नवनीत मान ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी। परिजनों से मिली जानकारी और तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

Share This Article
Leave a comment