सहारनपुर (शिखर समाचार)। थाना कोतवाली देहात पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लूट के मुकदमे में वांछित एक घायल आरोपी समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, लूटे गए पीली धातु के कुंडलों की एक जोड़ी और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद मुठभेड़
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence
पुलिस के अनुसार 26 सितंबर की रात कोतवाली देहात पुलिस टीम ग्राम देवला से ग्राम सूमली जाने वाली सड़क पर सूमली चौराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान निर्माणाधीन राजमार्ग के पास एक व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ खड़ा दिखाई दिया।
पुलिस टीम ने पूछताछ के लिए उसकी ओर बढ़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने कथित रूप से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मोटरसाइकिल लेकर आम के बाग की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। लगातार बारिश के कारण कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल आरोपी की निशानदेही पर दूसरा अभियुक्त गिरफ्तार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
पूछताछ में घायल आरोपी ने बताया कि वह अपने एक साथी के इंतजार में वहां मौजूद था। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचे दूसरे संदिग्ध को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन उर्फ कपिल पुत्र पप्पू निवासी लखनौती कलां, थाना कोतवाली देहात और मोहम्मद जकी पुत्र महताब निवासी आली की चुंगी, थाना नकुड़ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार अर्जुन थाना कोतवाली देहात में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के मुकदमे में वांछित था। उसके खिलाफ सहारनपुर के विभिन्न थानों में करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
