गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना टीलामोड़ पुलिस ने वाहन चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके साथ शामिल एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई हुंडई वरना कार भी बरामद की है। अभियुक्त कार वॉश सेंटर में काम करते थे और टेस्ट ड्राइव के बहाने कार लेकर फरार हो गए थे। वह वाहन को बेचने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते उन्हें धर दबोचा।
5 जुलाई को टीलामोड़ क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि उसने अपनी हुंडई वरना कार धुलाई के लिए एक सर्विस सेंटर पर छोड़ी थी। कुछ समय बाद पता चला कि कार वहां से गायब हो गई है। शिकायत के आधार पर थाना टीलामोड़ में वाहन चोरी का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
सीसीटीवी और चेकिंग के दौरान मिली सफलता, दो आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। चेकिंग के दौरान पुलिस ने हिंडन एयरपोर्ट सिविल टर्मिनल रोड से दो अभियुक्तों को चोरी की गई हुंडई वरना कार के साथ गिरफ्तार किया। उनके साथ मौजूद एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान 19 वर्षीय अंश यादव और 19 वर्षीय प्रिंस के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वह कार धुलाई सेंटर पर कार्य करते थे। इसी दौरान उन्होंने कार को टेस्ट ड्राइव के बहाने बाहर निकाला और उसे लेकर फरार हो गए। उनका इरादा वाहन को बेचकर मोटी रकम कमाने का था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच, वाहन मालिकों से सावधानी बरतने की अपील
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर दी गई है। अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या दोनों आरोपी पहले भी वाहन चोरी की अन्य घटनाओं में शामिल रहे हैं। उनके आपराधिक रिकॉर्ड और संभावित गिरोह से जुड़े होने के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
उन्होंने वाहन मालिकों से अपील की कि वे अपने वाहन केवल विश्वसनीय सर्विस सेंटर पर ही दें और वाहन सौंपते समय आवश्यक दस्तावेज व पहचान की पुष्टि अवश्य करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
