बिजनौर (शिखर समाचार)। थाना शहर कोतवाली पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सगी बहनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 100 ग्राम स्मैक तथा उसकी बिक्री से प्राप्त ₹88,950 की नकदी बरामद की है।
मुखबिर की सूचना पर मकान में छापेमारी
पुलिस के अनुसार जाटान चौकी क्षेत्र में लंबे समय से नशे के कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चांदपुर चुंगी के पास स्थित एक मकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान मकान से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने मौके से रहनुमा उर्फ नूरी और तबस्सुम नामक दो सगी बहनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ग्राहकों को लगभग ₹400 प्रति पुड़िया के हिसाब से बेचती थीं। पुलिस का कहना है कि बरामद नकदी नशीले पदार्थों की बिक्री से अर्जित की गई रकम प्रतीत होती है।
आर्थिक तंगी के चलते अपनाया अवैध रास्ता
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
गिरफ्तार महिलाओं ने पूछताछ के दौरान बताया कि उनके पिता लंबे समय से बीमार हैं और परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। घर का खर्च और इलाज का खर्च उठाने में कठिनाई होने के कारण उन्होंने स्मैक तस्करी के अवैध कारोबार का रास्ता अपनाया।
पुलिस ने बरामद स्मैक और नकदी को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही यह पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है कि इस अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा नशीले पदार्थों की आपूर्ति कहां से की जा रही थी।
