ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित किसान चौक (गौड़ चौक) के पास निर्माणाधीन अंडरपास के चलते आज रात से 130 मीटर सड़क पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने वाहन चालकों से निर्माण क्षेत्र के आसपास सावधानी बरतने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
अंडरपास के ऊपरी हिस्से में होगा सड़क निर्माण
प्राधिकरण के परियोजना महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि अंडरपास के ऊपरी हिस्से में दोनों ओर करीब 25-25 मीटर की लंबाई में पेवमेंट क्वालिटी कंक्रीट सड़क का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। निर्माण कार्य के दौरान इस हिस्से में वाहनों की आवाजाही प्रभावित होगी। इसी को देखते हुए यातायात को नियंत्रित करने और वाहन चालकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
निर्माण कार्य के दौरान संभावित जाम की स्थिति से बचने के लिए यातायात पुलिस की मौके पर तैनाती की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था भी लागू की जा सकती है। प्राधिकरण की ओर से वाहन चालकों से अपील की गई है कि निर्माण स्थल के आसपास गति धीमी रखें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि निर्माण कार्य के साथ यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे।
दो सप्ताह में पूरा होने की उम्मीद
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार कंकरीट सड़क निर्माण का कार्य करीब दो सप्ताह में पूरा होने की उम्मीद है। कार्य पूरा होने के बाद इस मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से संचालित किया जा सकेगा। निर्माण के दौरान यात्रियों और वाहन चालकों को असुविधा से बचाने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।
