शामली (शिखर समाचार)। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड के बाद चर्चित गीत ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ एक बार फिर चर्चा में आ गया है। गीत के लेखक और गायक हांसी निवासी राहुल पुट्ठी ने कथित धमकी भरी सामाजिक माध्यम की पोस्ट सामने आने के बाद वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका किसी भी आपराधिक गिरोह या गैंग से कोई संबंध नहीं है। कथित धमकी भरी पोस्ट के बाद उनका परिवार भी कई दिनों से भय के माहौल में है।
राहुल पुट्ठी ने वीडियो में कहा कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा में हाल में हुई आपराधिक घटनाओं तथा सामाजिक माध्यम पर सामने आ रही कथित धमकी भरी पोस्ट से उनकी चिंता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि कलाकारों का उद्देश्य गीतों के माध्यम से लोगों का मनोरंजन करना होता है। किसी गैंग, अपराधी या व्यक्ति को बढ़ावा देना उनका मकसद नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके किसी गीत से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं।
अंकित बालियान ने किया था गीत में अभिनय
जानकारी के अनुसार ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ गीत राहुल पुट्ठी ने लिखा और गाया था, जबकि शामली के बनतीखेड़ा गांव निवासी अंकित बालियान ने इसमें अभिनय किया था। अंकित की हत्या के बाद गीत दोबारा सुर्खियों में आ गया। हत्याकांड के कारणों को लेकर गीत से जुड़े विवाद की भूमिका की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि, इसकी वास्तविक स्थिति पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
कथित धमकी भरी पोस्ट से परिवार में डर का माहौल
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
अंकित हत्याकांड के बाद कथित रूप से वांछित शूटरों के नाम से सामाजिक माध्यम पर धमकी भरी पोस्ट प्रसारित होने की बात सामने आई है। इन पोस्ट में दो और हत्याओं की धमकी दिए जाने का दावा किया जा रहा है। राहुल पुट्ठी ने कहा कि वह केवल गीत लिखने और गाने का काम करते हैं तथा उनका किसी आपराधिक गिरोह से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
