जेवर (शिखर समाचार)। यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात यात्रियों से भरी स्लीपर बस अचानक भीषण आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपने कब्जे में ले लिया। हादसे में नौ यात्रियों की जलकर मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए। जान बचाने के लिए यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर बाहर निकलने का प्रयास किया। सूचना पर पुलिस, अग्निशमन विभाग और एक्सप्रेसवे सुरक्षा दल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार बस दिल्ली से महोबा जा रही थी। जेवर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर पहुंचने के दौरान बस में आग लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ यात्री भीतर ही फंस गए। ग्रामीणों और राहत दलों ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। मृतकों के शव बुरी तरह जल जाने के कारण उनकी पहचान में परेशानी आ रही है। पुलिस टिकट बुकिंग और अन्य माध्यमों से यात्रियों की पहचान कर रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर डीएनए जांच के जरिए शवों की शिनाख्त कराई जाएगी।
चालक और परिचालक गिरफ्तार, आरोपों की जांच जारी
हादसे के मामले में पुलिस ने चालक पवन और परिचालक योगेश को गिरफ्तार किया है। प्राथमिकी में यात्री सुनील कुमार ने आरोप लगाया है कि आग लगने से पहले बस में जलने की बदबू आ रही थी और यात्रियों ने चालक परिचालक को इसकी जानकारी दी थी, लेकिन उन्होंने तत्काल बस नहीं रोकी। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है।
मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए सहायता राशि की घोषणा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए समान राशि की घोषणा की है।
