हापुड़ (शिखर समाचार)
कोतवाली क्षेत्र के पास रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा उस वक्त हो गया जब बाइक पर सवार होकर माता-पिता के साथ मेरठ जा रही 12 वर्षीय इंशा अचानक आसमान से लटकते चाइनीज़ मांझे की चपेट में आ गई। पलभर में मांझा उसकी गर्दन और उंगली को चीरता हुआ निकल गया। मासूम दर्द से तड़प उठी और सड़क पर चीख पड़ने लगी। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
घातक चाइनीज़ मांझे ने ली मासूम इंशा की मुस्कान – उड़ती डोर बनी जानलेवा
जानकारी के अनुसार, कोठी गेट क्षेत्र के रियाजपुरा मोहल्ला निवासी शहजाद अपनी पत्नी और बेटी इंशा के साथ हापुड़ से मेरठ की ओर जा रहा था। जब वे कोतवाली के निकट तहसील चौराहे के पास पहुंचे, तभी ऊपर से गिरा पतला लेकिन धारदार चाइनीज़ मांझा इंशा की गर्दन में लिपट गया और उसके साथ उसकी उंगली में भी फंस गया। मांझे की तेज धार ने उसकी त्वचा को इस तरह काटा मानो किसी ने रेज़र से वार कर दिया हो। खून बहने लगा और बच्ची वहीं गिर पड़ी।
बाइक रोककर शहजाद ने किसी तरह बेटी को संभाला और राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची की गर्दन और अंगुली पर गहरे घाव हैं, फिलहाल हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
खून से सनी पतंगबाज़ी पर फूटा ग़ुस्सा – लोगों ने प्रशासन को दी सड़कों पर उतरने की चेतावनी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/only-through-dedication-and-honesty/
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और उन्होंने गुस्से में प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। लोगों ने कहा कि प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझा शहर की गलियों और बाजारों में खुलेआम बिक रहा है। कई बार शिकायतें दी गईं लेकिन हर बार कार्रवाई कागजों में सिमट कर रह गई। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही प्रशासन सख्ती नहीं दिखाता तो वे सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जो भी व्यक्ति या दुकान चाइनीज़ मांझा बेचते या उड़ाते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस खतरनाक मांझे से लोगों की जान खतरे में पड़ रही है, इसलिए अभियान चलाकर इसकी बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगाई जाएगी।
