हापुड़ (शिखर समाचार)। जवाहर नवोदय विद्यालय, नवादा में गुरुवार को ‘फुटबॉल फॉर स्कूल’ कार्यक्रम के अंतर्गत फुटबॉल वितरण समारोह आयोजित किया गया। जिलाधिकारी कविता मीना की उपस्थिति में हुए कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों को फुटबॉल वितरित करके किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना को प्रोत्साहित करना है।
‘फुटबॉल फॉर स्कूल’ अभियान से विद्यार्थियों को जोड़ने पर जोर
इस अवसर पर जिलाधिकारी कविता मीना ने कहा कि ‘फुटबॉल फॉर स्कूल’ भारत सरकार और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ का संयुक्त अभियान है। इसके माध्यम से बच्चों को खेलों से जोड़ने और उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी परिषदीय और अन्य विद्यालयों में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर मिल सकें।
पढ़ाई के साथ खेलों में भागीदारी के लिए किया प्रेरित
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आपसी सहयोग और लक्ष्य हासिल करने की भावना विकसित करते हैं। विद्यार्थी अपनी रुचि और मेहनत के बल पर खेल के क्षेत्र में भी भविष्य बना सकते हैं और जनपद का नाम रोशन कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर का भ्रमण किया और छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। फुटबॉल वितरण से विद्यार्थियों में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाने और विद्यालयों में खेल संस्कृति को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
