ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। खरीफ वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धान की फसल के उत्पादन का आकलन करने के लिए जिलाधिकारी मेधा रूपम ने तहसील सदर के ग्राम गिरधरपुर में क्रॉप कटिंग प्रयोग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान निर्धारित मानकों के अनुसार खेत में धान की कटाई कराकर प्राप्त उपज का परीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने क्रॉप कटिंग प्रयोग का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान कृषक शीला देवी के खेत, गाटा संख्या 58 पर निर्धारित मानक के अनुरूप 10×10×10 त्रिकोण मीटर क्षेत्रफल में धान की फसल की कटाई कराई गई। परीक्षण के बाद कुल 10.805 किलोग्राम उपज प्राप्त हुई। जिलाधिकारी ने क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया का जायजा लेते हुए निर्धारित मानकों के अनुसार उत्पादन का सही आकलन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
किसानों को क्रॉप कटिंग के महत्व की दी जानकारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी मेधा रूपम ने किसानों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि फसल उत्पादन का सटीक आकलन करने में क्रॉप कटिंग प्रयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके आधार पर किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और फसल बीमा से मिलने वाले लाभों का निर्धारण करने में सहायता मिलती है। इसलिए क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुसार पारदर्शिता और सावधानी के साथ संपन्न कराना आवश्यक है।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, अपर सांख्यिकी अधिकारी अलका चौहान, लेखपाल जितेंद्र भाटी, राजस्व निरीक्षक नरेश शर्मा, बीमा कंपनी के प्रतिनिधि धीरज कुमार और रामोतार तथा कृषक शीला देवी उपस्थित रहीं।
