गाजियाबाद (शिखर समाचार)। सिहानी गेट थाना क्षेत्र में स्वाट, सर्विलांस टीम नगर जोन और थाना सिहानी गेट पुलिस की संदिग्ध ऑटो सवार बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने उन्हें चेकिंग के दौरान रुकने का इशारा किया था लेकिन बदमाश ऑटो लेकर भागने लगे। कुछ दूर जाकर ऑटो छोड़कर भागते समय उन्होंने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दिया। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति तीन पहिया ऑटो में सवार होकर किसी वारदात को अंजाम देने के लिए निकले है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए स्वाट एवं सर्विलांस टीम नगर जोन तथा थाना सिहानी गेट पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक संदिग्ध ऑटो आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन ऑटो सवारों ने वाहन रोकने के बजाय उसे वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी ऑटो छोड़कर पैदल भागने लगे। इसी दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो आरोपियों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों की पहचान शाकिर और पवन के रूप में हुई। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
टप्पेबाजी की घटनाओं का भी खुलासा, आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
ALSO READ:
पूछताछ में घायल आरोपियों ने पूर्व में कई टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक इतिहास दर्ज है। अब उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और पूर्व में की गई वारदातों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए है। इसके अलावा दो कान के टॉप्स तथा वारदात में इस्तेमाल किया जा रहा ऑटो भी पुलिस के कब्जे में लिए है। पुलिस बरामद सामान और आरोपियों के बयानों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद जेवरात किस घटना से संबंधित हैं।
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
ALSO READ:
सहायक पुलिस आयुक्त नन्दग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि पुलिस टीम को संदिग्ध ऑटो सवार बदमाशों के संबंध में सूचना मिली थी। चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब घायल आरोपियों से पूछताछ के आधार पर टप्पेबाजी की अन्य घटनाओं का खुलासा करने और फरार दोनों साथियों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है। इनके आपराधिक नेटवर्क और पूर्व की वारदातों की भी जांच की जा रही है।
